देवखड़ी, कलसिया और रकसिया नाले उफान पर, रात्रि निरीक्षण पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और तहसीलदार मनीषा बिष्ट।

नैनीताल जिले में मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलधार बारिश का सीधा असर शहर के नालों पर देखने को मिल रहा है। देवखड़ी, कलसिया और रकसिया नाले पूरी तरह उफान पर हैं, जिससे आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

 

 

 

सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और तहसीलदार मनीषा बिष्ट लगातार रकसिया नाले समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं। जेसीबी से रास्तों को सुचारु किया जा रहा है।

 

 

जहां-जहां जलभराव या मार्ग अवरोध की स्थिति बनी है, वहां प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीनों की सहायता से रास्तों को खुलवाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। कई स्थानों पर नालों का बहाव तेज़ होने से पास की बस्तियों में भी खतरा बना हुआ है।

 

प्रशासन ने आमजनता से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक ही घर से बाहर न निकलें और नालों या जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।

 

नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हैं और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *