नेचर गाइड्स, जिप्सी चालकों एवं वाहन स्वामियों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यटक सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रामनगर – कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटक सुरक्षा, वाहन संचालन नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों को लेकर PNG PG कॉलेज के सभागार में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दो दिन (02 एवं 03 नवंबर) नेचर गाइड्स तथा अगले दो दिन (04 एवं 05 नवंबर) जिप्सी चालकों एवं वाहन स्वामियों को प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान विभागीय अधिवक्ता तरुण बिष्ट ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, वन कानूनों, संबंधित वैधानिक धाराओं, पर्यटन सुरक्षा एवं निर्धारित नियमों के व्यावहारिक अनुपालन की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने सरल भाषा में कानूनी प्रावधानों को समझाते हुए प्रतिभागियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। साथ ही वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का सम्मान करने, पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, नेचर गाइड्स, जिप्सी वाहन स्वामी एवं चालक सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कॉर्बेट क्षेत्र में सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार पर्यटन व्यवस्था को मजबूत करना रहा।



